
लखनऊ। छोटी-छोटी बचत न केवल भविष्य के लिए आर्थिक सुरक्षा प्रदान करती है, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों में भी महत्वपूर्ण सहारा बनती है। नियमित और योजनाबद्ध बचत से छोटी-छोटी रकम समय के साथ एक बड़े फंड का रूप ले लेती है। किसी भी बचत या निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी पूरी जानकारी प्राप्त करना, विशेषज्ञों से सलाह लेना तथा विभिन्न योजनाओं की तुलना करना आवश्यक है, ताकि किसी प्रकार के जोखिम या धोखाधड़ी से बचा जा सके।
यह विचार वरिष्ठ नागरिक, पूर्व लेखा अधिकारी एवं समाजसेवी पत्रकार प्राग दत्त ने व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि बैंक, डाकघर, एलआईसी तथा विभिन्न वित्तीय संस्थाएं बचत एवं निवेश से जुड़ी अनेक योजनाएं संचालित करती हैं, जिनकी जानकारी प्राप्त कर अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप उचित विकल्प का चयन किया जा सकता है।
गोमती नगर स्थित शहीद पथ के निकट कंफर्ट-इन के मीटिंग हॉल में आयोजित श्रीराम बिजनेस एसोसिएट्स की बैठक में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों एवं आमजन ने भाग लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान में सामूहिक रूप से केक काटकर उनका अभिनंदन किया गया।
बैठक में विषय विशेषज्ञ अनिल कुमार ने श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड के इतिहास, कार्यप्रणाली तथा विभिन्न बचत योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि श्रीराम फाइनेंस भारत की प्रमुख गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) है, जो विशेष रूप से उन लोगों एवं ग्रामीण क्षेत्रों को वित्तीय सेवाएं उपलब्ध कराती है, जिनकी बैंकिंग सुविधाओं तक पहुंच सीमित है। उन्होंने कहा कि परिवार के वरिष्ठ सदस्य नई पीढ़ी को बचत के महत्व से अवगत कराकर उनके बेहतर आर्थिक भविष्य की नींव रख सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कंपनी फिक्स्ड डिपॉजिट योजनाओं पर आकर्षक प्रतिफल प्रदान करती है। वरिष्ठ नागरिकों तथा महिला जमाकर्ताओं को अतिरिक्त ब्याज दर का लाभ भी उपलब्ध कराया जाता है। न्यूनतम 5,000 रुपये से निवेश की शुरुआत की जा सकती है। सुरक्षा की दृष्टि से कंपनी को क्रिसिल एवं आईसीआरए जैसी रेटिंग एजेंसियों से उच्च श्रेणी की रेटिंग प्राप्त है।
अनिल कुमार ने बताया कि कंपनी की स्थापना 30 जून 1979 को चेन्नई (तमिलनाडु) में आर. त्यागराजन, ए. बी. एस. राजा एवं टी. जयरामन द्वारा की गई थी। वर्तमान में देशभर में इसकी 3,700 से अधिक शाखाएं एवं कार्यालय संचालित हैं तथा लगभग 76,000 कर्मचारी कार्यरत हैं। उन्होंने बिजनेस एसोसिएट्स से अधिकाधिक लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने और उन्हें वित्तीय सुरक्षा से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कई लोगों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर पूर्व उपनिदेशक सूचना एवं वरिष्ठ पत्रकार समाजसेवी प्रमोद कुमार, ई. ओम प्रकाश गुप्ता, संपादक संदीप कुमार, डॉ. भानु कुमार पेले, सत्य प्रकाश विश्वकर्मा (मध्य प्रदेश), दीपिका, ज्योति राय, लखनऊ मुख्य शाखा के प्रमुख प्रशांत जायसवाल, सोनी पाठक, आशा, सारिका शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



