
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का सनातन संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है और वह केवल तुष्टिकरण की राजनीति करती है। ब्रजेश पाठक ने कहा कि सपा नेता राम मंदिर जाने से इसलिए बच रहे हैं क्योंकि उन्हें अल्पसंख्यक वोट नाराज होने का डर है।
ब्रजेश पाठक ने कहा, “समाजवादी पार्टी के नेताओं के हाथ तो कारसेवकों के खून से रंगे हुए हैं। वो कैसे जा सकते हैं? वो केवल वोट की राजनीति करते हैं और केवल अल्पसंख्यकों के वोट के कारण, डर के कारण वहां नहीं जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के राम मंदिर नहीं जाने के पीछे भी वोट की राजनीति है।
‘जीतने पर चुनाव आयोग अच्छा, हारने पर निकालते हैं खीज’
चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष के विरोध पर भी उपमुख्यमंत्री ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष जब चुनाव जीतता है तो निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल नहीं उठाता, लेकिन चुनाव हारने के बाद अपनी खीज आयोग पर निकालता है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि केरल, तमिलनाडु और हिमाचल प्रदेश में विपक्ष चुनाव जीता, लेकिन जीत के बाद उसने निर्वाचन आयोग को लेकर इस तरह के सवाल नहीं उठाए। उन्होंने कहा, “जब जीते हैं तो निर्वाचन आयोग अच्छा है और हारते हैं तो खीज मिटाते हैं।”
2027 चुनाव को लेकर सपा पर निशाना
उपमुख्यमंत्री ने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भी समाजवादी पार्टी और विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष को पता है कि आगामी चुनाव में उसकी स्थिति खराब होने वाली है और इसी वजह से चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि “समाजवादी पार्टी और विपक्ष की पूरी तरह से लुटिया डूबने वाली है।” उन्होंने कहा कि विपक्ष अपने चेहरे को छिपाने और आने वाली स्थिति से बचने के लिए इस तरह के षड्यंत्र रच रहा है।
उपमुख्यमंत्री के इस बयान के बाद प्रदेश की सियासत में एक बार फिर भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग तेज होने के संकेत हैं।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



