
लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस महिला विंग ने बुधवार को भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस की महिला कार्यकर्ताओं ने हैदरगंज चौराहे से गांधी प्रतिमा, हजरतगंज तक मार्च निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने बाजार खाला क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने दोनों नेताओं का पुतला फूंककर विरोध जताया और उनके पोस्टरों को पैरों तले रौंद दिया।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और महिला कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने पुतला जलाने से रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी अपने विरोध में सफल रहे। इसके बाद जब कार्यकर्ता दोबारा हजरतगंज की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया और कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
कांग्रेस महिला विंग का कहना है कि यह विरोध कंगना रनौत द्वारा कथित रूप से Gen Z पीढ़ी की महिलाओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ किया गया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कंगना की टिप्पणी ने नई पीढ़ी की महिलाओं और उनकी माताओं का अपमान किया है। वहीं, केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ नारेबाजी की गई।
प्रदेश कांग्रेस महिला विंग की अध्यक्ष ममता चौधरी ने कहा, “मैं भी एक Gen Z की मां हूं। अगर कोई हमारी कोख और हमारी संतानों का अपमान करेगा तो हम उसे बख्शेंगे नहीं। भाजपा को कंगना रनौत से तत्काल इस्तीफा लेना चाहिए।”
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रह्लाद जोशी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने अतीत में बिलकिस बानो मामले के दोषियों का समर्थन किया था। ममता चौधरी ने कहा कि ऐसे व्यक्ति को शिक्षा मंत्री बनाया जाना सरकार के लिए शर्म की बात है।
कंगना रनौत द्वारा राष्ट्रविरोधी नारों को लेकर दिए गए कथित बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए ममता चौधरी ने कहा कि जो व्यक्ति मां, जननी और कोख का अपमान करता है, वही राष्ट्र की भावना के खिलाफ है।
कांग्रेस महिला विंग ने दावा किया कि उनका प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन रोककर कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने भाजपा से कंगना रनौत के खिलाफ कार्रवाई करने और उन्हें पद से हटाने की मांग भी की।
Lucknow Desk Alliance Today की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाती है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।
