
नई दिल्ली। कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान स्टंटबाजी, हुड़दंग या सार्वजनिक व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दिल्ली पुलिस के एडिशनल कमिश्नर दिनेश गुप्ता ने बताया कि कांवड़ यात्रा को लेकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित की गई हैं। यात्रा के दौरान सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई है।
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश और हरियाणा बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीमाओं पर वाहनों की आवाजाही और कांवड़ियों के आवागमन पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति से बचा जा सके।
कांवड़ यात्रा के दौरान ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा लागू डायवर्जन प्लान को दिल्ली में भी प्रभावी रूप से लागू किया गया है। इसके तहत भारी वाहनों और अन्य ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा, जिससे कांवड़ियों की यात्रा में किसी प्रकार की बाधा न आए।
दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यात्रा के दौरान जारी होने वाली ट्रैफिक एडवाइजरी और अन्य महत्वपूर्ण सूचनाओं के लिए पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखें। समय-समय पर ट्रैफिक डायवर्जन, रूट परिवर्तन और अन्य आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी।
स्टंट और हुड़दंग पर जीरो टॉलरेंस
दिल्ली पुलिस ने साफ किया है कि कांवड़ यात्रा की आड़ में स्टंटबाजी, तेज रफ्तार वाहन चलाने, हुड़दंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी नियमों का पालन करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
