
लखनऊ। राजधानी के छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। लखनऊ सिटी ट्रांसपोर्ट एक अगस्त से राजाजीपुरम बस स्टेशन से बाबू बनारसी दास (बीबीडी) तक नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू करने जा रहा है। इस नई सेवा के शुरू होने से शहर के पश्चिमी हिस्से से पूर्वी क्षेत्र तक यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान, आरामदायक और पर्यावरण अनुकूल हो जाएगी।
दुबग्गा सिटी बस डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) डी.के. गर्ग ने बताया कि इस रूट पर कुल 15 एसी इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। बसें प्रतिदिन सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक चलेंगी और यात्रियों को हर 30 से 45 मिनट के अंतराल पर बस की सुविधा मिलेगी। इस रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए 12 निर्धारित बस स्टॉप बनाए गए हैं।
मेट्रो रूट से अलग होगा नया मार्ग
सिटी ट्रांसपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, पहले संचालित होने वाला रूट संख्या-7 यात्रियों की कम संख्या और मेट्रो रूट के समानांतर होने के कारण बंद कर दिया गया था। अब उसकी जगह ऐसा नया रूट तैयार किया गया है, जो उन इलाकों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराएगा, जहां मेट्रो की सीधी पहुंच नहीं है। इस नई सेवा से प्रतिदिन करीब 3,000 यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
इतना होगा किराया
राजाजीपुरम से चारबाग तक 15 रुपये, जीपीओ, जवाहर भवन और सिकंदरबाग तक 20 रुपये, बालू अड्डा तक 25 रुपये, लोहिया पार्क और बीबीडी एकेडमी तक 30 रुपये, दयाल पैराडाइज और पत्रकारपुरम तक 35 रुपये, गोमतीनगर हैनीमैन तथा कठौता झील तक 40 रुपये, जबकि मटियारी तिराहा और बीबीडी कॉलेज तक यात्रा के लिए 45 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
नई एसी इलेक्ट्रिक बस सेवा से राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही यात्रियों को कम खर्च में सुरक्षित, आरामदायक और प्रदूषण रहित यात्रा का बेहतर विकल्प उपलब्ध होगा।
Lucknow Desk Alliance Today की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाती है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।
