
लखनऊ: राजधानी के महानगर क्षेत्र स्थित श्री संकट हरन पंचमुखी हनुमान मंदिर में रविवार तड़के बड़ी चोरी की वारदात सामने आई। अज्ञात चोर मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियों से 9 चांदी के मुकुट, 3 चांदी के छत्र और CCTV कैमरों का DVR चोरी कर फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, घटना 2 अगस्त की रात की है। जब 3 अगस्त को सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर के पुजारी दिनेश कुमार दीक्षित पूजा के लिए पहुंचे तो मंदिर के मुख्य गेट पर लगे तीनों ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा तो भगवान गणेश, भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और पंचमुखी हनुमान जी की मूर्तियों पर लगे चांदी के मुकुट और छत्र गायब थे।
पुजारी ने तुरंत मंदिर के संस्थापक आर.पी. शर्मा और उनके पुत्र पवन कुमार शर्मा को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की लिखित शिकायत दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जब मंदिर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखने का प्रयास किया गया तो पता चला कि चोर DVR भी अपने साथ ले गए हैं। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और घटना की जांच तेज कर दी है। स्थानीय लोगों में इस चोरी को लेकर भारी आक्रोश है। यह मंदिर क्षेत्र का प्रमुख धार्मिक स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जबकि मंगलवार को यहां हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है।
Lucknow Desk Alliance Today की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाती है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।
