

चेन्नई: तमिलनाडु की राजनीति में उस समय हलचल मच गई जब डीएमके नेता और तमिलनाडु विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन को पुलिस ने उनके चेन्नई स्थित आवास से हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और अभिनेत्री तृषा को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है।
यह मामला कावेरी जल बंटवारे के मुद्दे पर तंजावुर में आयोजित डीएमके की रैली से जुड़ा है। आरोप है कि रैली को संबोधित करते हुए उदयनिधि स्टालिन ने मुख्यमंत्री विजय पर कथित रूप से आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की। वहीं रैली के दौरान अभिनेत्री तृषा के खिलाफ भी नारेबाजी की गई, जिसके बाद विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि स्टालिन के खिलाफ मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी की आशंका के बीच उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दाखिल की है। मामले की सुनवाई आज दोपहर बाद होने की संभावना है।
इस विवाद ने राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) का भी ध्यान खींचा है। टीवीके के राष्ट्रीय प्रवक्ता पाझा सेल्वाकुमार ने आयोग से शिकायत करते हुए आरोप लगाया कि उदयनिधि की टिप्पणियां महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली और अशोभनीय थीं। उन्होंने आयोग से मामले का संज्ञान लेकर सार्वजनिक माफी की मांग करने और संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अदालत में अग्रिम जमानत याचिका पर होने वाली सुनवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



