

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और बजट को लेकर सत्ता पक्ष और समाजवादी पार्टी के बीच तीखी बहस देखने को मिली। सदन में विपक्ष ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए, जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और सपा विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
सदन में सपा विधायकों ने नारे लगाते हुए कहा, “चंदा चोर, गद्दी छोड़।” इस पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने जवाब देते हुए कहा, “आप लोगों में किसी ने चंदा दिया हो तो रसीद लेकर आ जाइए, जरा देखें तो सही आपका कौन सा पैसा चोरी हुआ है।”
बहस के दौरान सपा विधायकों ने तंज कसते हुए कहा, “बजरंगबली को नचाने वाले कहां मिलेंगे? भाजपा के दफ्तर में।” इस पर सतीश महाना ने जवाब दिया, “अनिल प्रधान, तुम तो पैदा भी नहीं हुए थे जब मंदिर बना था।”
इसके बाद सपा की ओर से “NEET का पेपर कहां मिलेगा? भाजपा के दफ्तर में” का नारा लगाया गया। जवाब में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा, “मैं बताता हूं कहां मिलेगा। जिस समय छद्मवेश को निकाल दिया जाएगा, तो जो देश की संसद के बाहर मिला, वहीं मिलेगा।”
इससे पहले विधानसभा परिसर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने अनुपूरक बजट को लेकर सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “सरकार हर बार अनुपूरक बजट लाती है, लेकिन 30 प्रतिशत भी खर्च नहीं कर पाती। यह सरकार चंदा चोर, चढ़ावा चोर और बजट चोर है। अपनी नाकामी छिपाने के लिए बजट लाया जा रहा है, जबकि खर्च करने में पूरी तरह विफल है।”
राम मंदिर चढ़ावा विवाद और अनुपूरक बजट को लेकर सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



