

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को लखनऊ स्थित जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने समाजवादी आंदोलन के वरिष्ठ नेता और ‘छोटे लोहिया’ के नाम से प्रसिद्ध जनेश्वर मिश्र की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
जनेश्वर मिश्र का जन्म 5 अगस्त 1933 को उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के शुभनथही गांव में हुआ था। समाजवादी विचारधारा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और संघर्षशील राजनीतिक जीवन के कारण उन्हें ‘छोटे लोहिया’ के नाम से जाना जाता था। वह समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे और केंद्र सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं।
हर वर्ष उनकी जयंती पर समाजवादी पार्टी की ओर से लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस अवसर पर पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनके योगदान को याद करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हैं।
जनेश्वर मिश्र का 22 जनवरी 2010 को निधन हो गया था, लेकिन समाजवादी राजनीति में उनका योगदान आज भी प्रेरणा का स्रोत माना जाता है।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



