

महाबलीपुरम (तमिलनाडु)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने परिसीमन (Delimitation) के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा परिसीमन के जरिए तमिलनाडु की राजनीतिक शक्ति को कमजोर करना चाहती है और यह राज्य के लोगों के अधिकार छीनने की एक साजिश है।
राहुल गांधी ने कहा, “भाजपा परिसीमन लागू करने की कोशिश कर रही है। इसका उद्देश्य तमिलनाडु के लोगों को राजनीतिक रूप से कमजोर करना और उनकी ताकत छीनना है। यह भाजपा की सोची-समझी साजिश है।”
उन्होंने आगे कहा कि जो भी व्यक्ति परिसीमन का समर्थन करेगा, वह तमिलनाडु के साथ विश्वासघात करेगा। वह राज्य के भविष्य के साथ भी विश्वासघात करेगा और आरएसएस व भाजपा को तमिलनाडु के लोगों और उनके भविष्य पर हमला करने का मौका देगा।
राहुल गांधी ने परिसीमन का समर्थन करने वालों को “21वीं सदी का एट्टप्पन” बताते हुए कहा कि तमिल समाज में एट्टप्पन शब्द गद्दार के लिए इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि कोई भी तमिल व्यक्ति परिसीमन का समर्थन न करे और सभी तमिल दलों के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीतिक दलों को भी संसद में इसका विरोध करना चाहिए।
कांग्रेस नेता का यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश में प्रस्तावित परिसीमन को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विपक्षी दलों का आरोप है कि नई परिसीमन प्रक्रिया से दक्षिण भारत के राज्यों के राजनीतिक प्रतिनिधित्व पर असर पड़ सकता है, जबकि केंद्र सरकार इस विषय पर अभी तक अपना विस्तृत रुख स्पष्ट नहीं कर चुकी है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



