
पटना। पटना विश्वविद्यालय की एलएलबी प्रवेश परीक्षा के दौरान शनिवार को बड़ा विवाद सामने आया, जब पटना कॉलेज परीक्षा केंद्र से प्रश्नपत्र लीक होने की सूचना मिली। आरोप है कि एक छात्र सुरक्षा जांच के बावजूद मोबाइल फोन लेकर परीक्षा हॉल में पहुंच गया और परीक्षा के दौरान ही प्रश्नपत्र की फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दी।
जानकारी के अनुसार, जिस समय प्रश्नपत्र की तस्वीर ली गई, उस समय परीक्षा केंद्र का मोबाइल सिग्नल जैमर बंद था। जैसे ही विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन को इसकी जानकारी मिली, तत्काल जैमर चालू कराया गया। परीक्षा केंद्र पर मौजूद कुछ छात्रों का दावा है कि प्रश्नपत्र वायरल करने वाले छात्र का मोबाइल फोन बाद में जब्त कर लिया गया।
एलएलबी प्रवेश परीक्षा सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक पटना कॉलेज, बी.एन. कॉलेज और मगध महिला कॉलेज में आयोजित की गई। अधिकारियों के मुताबिक बी.एन. कॉलेज और मगध महिला कॉलेज में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। बी.एन. कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजकिशोर प्रसाद ने भी परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन की पुष्टि की।
दोपहर 12:02 बजे वायरल हुआ प्रश्नपत्र
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, प्रश्नपत्र दोपहर 12:02 बजे वायरल हुआ, जिसकी पुष्टि परीक्षा नियंत्रक प्रो. बी.के. लाल ने भी की। उन्होंने बताया कि जिस समय प्रश्नपत्र लीक हुआ, उस वक्त परीक्षा केंद्र का जैमर बंद था। सूचना मिलते ही उसे चालू कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र तो वायरल हुआ, लेकिन उसका उत्तर परीक्षा हॉल के अंदर नहीं पहुंच सका, जिससे परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित नहीं हुई।
परीक्षा नियंत्रक प्रो. बी.के. लाल ने स्पष्ट किया कि प्रश्नपत्र लीक होने के बावजूद परीक्षा रद्द नहीं की जाएगी, क्योंकि स्थिति पर तुरंत नियंत्रण पा लिया गया था और परीक्षा निर्धारित समय तक सुचारु रूप से जारी रही।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद कई छात्रों के मोबाइल फोन की जांच की गई, लेकिन वायरल प्रश्नपत्र का कोई प्रमाण नहीं मिला। वहीं, प्रश्नपत्र वायरल करने का आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया।
CCTV फुटेज से होगी पहचान
विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपी छात्र की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा सके।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
