
नई दिल्ली। नीट पेपर लीक मामले को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाली रुचिका सिंह का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह हाथ जोड़कर पूरे देश से माफी मांगती हुई नजर आ रही हैं।
वीडियो में रुचिका कहती हैं, “मैं सिर्फ 15 साल की हूं। मैंने जो कुछ भी किया, वह माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत सी गलत बातें कही हैं। यह मेरी पहली और आखिरी गलती है। मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं। मुझे बहुत शर्म आ रही है। मैं खुद को देख भी नहीं सकती। कृपया मुझे माफ कर दीजिए।”
इससे पहले इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्मृति सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें रुचिका की उम्र 25 वर्ष बताई गई थी। शिकायत के आधार पर नोएडा पुलिस ने रुचिका के खिलाफ विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था।
सैलून में कथित तौर पर फर्जी नाम से ली थी ट्रेनिंग
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि करीब एक महीने पहले रुचिका ने नोएडा के सेक्टर-135 स्थित एक सैलून में नेल आर्ट की ट्रेनिंग के लिए दाखिला लिया था। आरोप है कि वहां उन्होंने अपना नाम ‘मानसिल जैन’ बताया था।
सैलून संचालक टी.पी. त्रिपाठी के अनुसार, तीन महीने के प्रशिक्षण के लिए आवेदन करने के बाद उनसे कई बार आधार कार्ड मांगा गया, लेकिन वह हर बार कोई न कोई बहाना बनाती रहीं। उन्होंने दावा किया कि जब पहचान संबंधी दस्तावेज जमा कराने पर सख्ती की गई, तो रुचिका ने महज 9 दिन बाद ही ट्रेनिंग छोड़ दी।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। पहचान और अन्य तथ्यों से जुड़े दावे पुलिस जांच का हिस्सा हैं और मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
