
प्रयागराज। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 8 अगस्त को प्रयागराज दौरे पर आएंगे। यहां वह ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य फोकस बेरोजगारी, प्रतियोगी परीक्षाओं में देरी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर रहेगा।
राहुल गांधी के इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पहले कार्यक्रम के लिए परेड मैदान को प्रस्तावित किया गया था, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के कारण अब केपी कॉलेज मैदान को अंतिम रूप दिया गया है। जिला प्रशासन से इस स्थल के लिए आवश्यक अनुमति भी मिल चुकी है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने छात्रों तक पहुंचने के लिए क्यूआर कोड और मिस्ड कॉल के माध्यम से विशेष पंजीकरण अभियान चलाया। पार्टी के अनुसार, इस अभियान के तहत 1.11 लाख से अधिक छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया है, जिससे युवाओं में कार्यक्रम को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
राहुल गांधी ने युवाओं से सीधे संवाद की इस श्रृंखला की शुरुआत 17 जून को राजस्थान के कोटा से की थी। इसके बाद देहरादून में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। अब प्रयागराज में होने वाला यह संवाद भी युवाओं के मुद्दों को लेकर कांग्रेस के अभियान का अहम पड़ाव माना जा रहा है।
कांग्रेस का कहना है कि प्रयागराज में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के सामने आने वाली चुनौतियों, पेपर लीक की घटनाओं और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। पार्टी का उद्देश्य युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना है।
प्रयागराज को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का बड़ा केंद्र माना जाता है। ऐसे में राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक और छात्र राजनीति, दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
UP Desk Alliance Today की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। टीम निष्पक्ष और प्रमाणिक पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध है।
