
लखनऊ। पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) लखनऊ और उत्तर प्रदेश सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त तत्वावधान में केरलम के मीडिया प्रतिनिधियों के साथ मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना के तहत आयोजित संवाद में दोनों राज्यों के पत्रकारों ने मीडिया कार्यप्रणाली, विकास, संस्कृति और शासन व्यवस्था से जुड़े अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम निदेशक सूचना विशाल सिंह और पीआईबी लखनऊ के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ल के दिशा-निर्देशन में हुआ। लखनऊ दौरे पर आए केरलम के प्रमुख प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश की संस्कृति, विकास और शासन व्यवस्था के विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली। इस दौरान उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए किए गए प्रयासों और शासन के स्तर पर अपनाए जा रहे मॉडल पर विशेष चर्चा हुई। पत्रकारों ने सरकार और जनता के बीच संवाद तथा फीडबैक मैकेनिज्म को भी समझा।
संवाद में उत्तर प्रदेश के पत्रकारों ने केरलम की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षा क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के प्रमुख कारणों को जानने में रुचि दिखाई। दोनों राज्यों के मीडिया प्रतिनिधियों ने अपने-अपने यहां पत्रकारिता की कार्यप्रणाली, स्थानीय मुद्दों और जनसरोकार से जुड़े विषयों को समाचारों में प्राथमिकता दिए जाने के अनुभव साझा किए।
बैठक में बॉलीवुड और दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग के बीच बढ़ते संबंधों तथा सिनेमा के माध्यम से दोनों क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ। कार्यक्रम में पीआईबी केरलम की निदेशक वी. पार्वती और उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अपर निदेशक सूचना अरविंद कुमार मिश्रा मौजूद रहे।
संवाद में एनडीटीवी, इंडिया टीवी, टाइम्स नाउ, मलयाला मनोरमा, केरल कौमुदी, मंगलम, मातृभूमि, द इंडियन एक्सप्रेस और द न्यू इंडियन एक्सप्रेस समेत विभिन्न प्रमुख मीडिया संस्थानों के वरिष्ठ पत्रकारों ने भाग लिया। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के संवाद से दोनों राज्यों के मीडिया के बीच आपसी समझ, सहयोग और अनुभवों का आदान-प्रदान मजबूत होगा।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



