
लखनऊ। पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ शनिवार को राजधानी लखनऊ में सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। संगठन ने श्रीराम टावर से हजरतगंज चौराहे तक पप्पू यादव की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर उनके खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि सांसद पप्पू यादव ने संसद परिसर में किए गए अपने हालिया विरोध प्रदर्शन के दौरान सनातन परंपराओं और धार्मिक भावनाओं का अपमान किया है। संगठन ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दरअसल, हाल ही में संसद परिसर में पप्पू यादव और कुछ विपक्षी नेताओं ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे में कथित अनियमितताओं को लेकर साधु के वेश में विरोध प्रदर्शन किया था। इस प्रदर्शन को लेकर राजनीतिक और धार्मिक हलकों में विवाद खड़ा हो गया। प्रदर्शन के दौरान विशेष वेशभूषा के इस्तेमाल पर लोकसभा सचिवालय और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी आपत्ति जताई थी।
वहीं, इस मामले में दिल्ली पुलिस में पप्पू यादव के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और सनातन परंपराओं के कथित अपमान के आरोप में शिकायत भी दर्ज कराई गई है। हालांकि, मामले की जांच जारी है और पुलिस की ओर से अभी तक कोई अंतिम निष्कर्ष सामने नहीं आया है।
लखनऊ में आयोजित प्रदर्शन के दौरान सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक प्रतीकों और परंपराओं का राजनीतिक विरोध-प्रदर्शन में इस्तेमाल स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संबंधित लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
Lucknow Desk Alliance Today की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाती है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।
