

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से शुक्रवार को राजधानी लखनऊ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर प्रदेश स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। यह कार्यशाला दोपहर 1:30 बजे विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में शुरू होगी, जिसमें अभियान को प्रदेशभर में प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर मंथन किया जाएगा।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, संगठन के प्रमुख कार्यकर्ता और अभियान से जुड़े पदाधिकारी शामिल होंगे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को जन-जन तक पहुंचाना, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना और अभियान के सफल संचालन के लिए संगठनात्मक रणनीति तैयार करना है।
गौरतलब है कि कार्यशाला से एक दिन पहले भाजपा प्रदेश मुख्यालय में तैयारियों को लेकर प्रारंभिक बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और कार्यक्रम की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया था। पार्टी का लक्ष्य स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर ‘हर घर तिरंगा अभियान’ को सफल बनाना है।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



