
प्रमोद कुमार
निर्देशक अहमद खान के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म “वेलकम टू द जंगल” दर्शकों के बीच हास्य, रोमांच, एक्शन और देशभक्ति के अनूठे मिश्रण के कारण विशेष चर्चा का विषय बनी हुई है। निर्माता फिरोज नाडियाडवाला द्वारा प्रस्तुत वेलकम फ्रेंचाइजी की तीसरी कड़ी यह फिल्म पूरे परिवार के साथ देखने योग्य स्वच्छ एवं मनोरंजक फिल्म मानी जा रही है।
फिल्म में अक्षय कुमार, रवीना टंडन, सुनील शेट्टी, जैकी श्रॉफ, अरशद वारसी, परेश रावल, राजपाल यादव, जॉनी लीवर, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, किकू शारदा, तुषार कपूर, दलेर मेहंदी, यशपाल शर्मा सहित अनेक कलाकारों ने अपने अभिनय से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया है। वहीं 77 वर्षीय वरिष्ठ अभिनेत्री फरीदा जलाल ने अपने हास्यपूर्ण किरदार से फिल्म में अलग ही छाप छोड़ी है। निर्देशक अहमद खान के साथ उनके आत्मीय संबंधों के चलते उन्हें यह विशेष भूमिका मिली, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
फिल्म की कहानी एक भ्रष्ट कारोबारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो काले धन को सफेद करने के उद्देश्य से जानबूझकर 200 करोड़ रुपये की ऐसी फिल्म बनाना चाहता है जिसे फ्लॉप कराया जा सके। इसके लिए वह एक कथित फ्लॉप निर्देशक और संघर्षरत कलाकारों की टीम तैयार करता है। इसी क्रम में हास्य, भ्रम, रोमांच और घटनाओं का ऐसा सिलसिला शुरू होता है जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है।
फिल्म में जैकी श्रॉफ का आतंकवादी का किरदार प्रभावशाली है, जिसकी शैली दर्शकों को फिल्म “शोले” के गब्बर सिंह की याद दिलाती है। वहीं गोरिल्ला से जुड़े हास्य दृश्य भी दर्शकों को खूब गुदगुदाते हैं। फिल्म में कॉमेडी के साथ-साथ देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, भाईचारा और आपसी मेलजोल का सकारात्मक संदेश भी दिया गया है। विशेष बात यह है कि फिल्म में किसी प्रकार के धार्मिक अंधविश्वास या पाखंड को बढ़ावा नहीं दिया गया है।
फिल्म देख चुके के दर्शकों में रमा सिंह, डॉ. उमा, डॉ. गायत्री, सुनील दत्त, डॉ. लिपाक्षी, डॉ. इंद्रा, सेवानिवृत्त अधिकारी अजय चौधरी तथा सहायक निदेशक प्रतीक कटारिया का कहना है कि एक साफ-सुथरी, पारिवारिक और भरपूर मनोरंजन प्रदान करने वाली फिल्म है। अक्षय कुमार, रवीना टंडन, जैकी श्रॉफ तथा फरीदा जलाल ने शानदार अभिनय किया है।
कुल मिलाकर “वेलकम टू द जंगल” एक बड़े बजट की ऐसी मनोरंजक फिल्म है, जिसमें जंगल का रोमांच, दमदार कॉमेडी, एक्शन, पारिवारिक मनोरंजन और देशभक्ति का प्रभावशाली संदेश दर्शकों को एक साथ देखने को मिलता है।
(लेखक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग उत्तर प्रदेश के सेवानिवृत्त उप निदेशक हैं)
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.

