

-स्टाफ टीम ढेर, महेन्द्र-आलोक और अजीत बने टूर्नामेंट के हीरो
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई स्टेडियम में छठी अंतर-एसजीपीजीआई टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल ईलाइट्स और स्टाफ टीम के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत स्टाफ टीम के कप्तान हेमंत वर्मा ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनकर की। लेकिन उनकी टीम का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा और पूरी टीम केवल 127 रन पर सिमट गई।
जवाब में ईलाइट्स टीम ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से स्टाफ की गेंदबाजी को ध्वस्त कर दिया और मात्र 18 ओवरों में ही लक्ष्य हासिल कर ट्रॉफी अपने नाम कर ली। दर्शकों ने जोरदार तालियों और हूटिंग के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले महेन्द्र कुमार को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। वहीं विजेता टीम के कप्तान अजीत वर्मा ने अपनी गेंदबाजी से सबको प्रभावित करते हुए बेस्ट बॉलर का खिताब जीता। आलोक ने बेहतरीन बल्लेबाजी से सबका दिल जीतकर बेस्ट बल्लेबाज की ट्रॉफी अपने नाम की।
फाइनल मैच के बाद एसजीपीजीआई के डायरेक्टर प्रो. आर.के. धीमन ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। उन्होंने हारने वाली टीम को भी हौसला देते हुए कहा कि खेल सिर्फ जीत-हार का नाम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और टीम भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन जारी रखने और खेल भावना को सर्वोपरि रखने की प्रेरणा दी।
इस टूर्नामेंट ने न सिर्फ खिलाड़ियों के हुनर को मंच दिया बल्कि यह संदेश भी दिया कि खेलकूद संस्थागत परिवार में ऊर्जा, उत्साह और एकता का सेतु बनता है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



