

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: तमिल अभिनेता रवि मोहन इन दिनों अपनी निजी ज़िंदगी को लेकर सुर्खियों में हैं। वह अपनी पत्नी आरती रवि से अलग हो चुके हैं और हाल ही में उन्हें गायिका केनीशा फ्रांसिस के साथ एक शादी समारोह में चेन्नई में देखा गया, जिससे अफवाहों का बाज़ार गर्म हो गया है। माना जा रहा है कि केनीशा ही रवि और आरती के रिश्ते में दरार की एक बड़ी वजह हैं। इस विवाद ने तब और तूल पकड़ा जब आरती रवि और रवि मोहन बुधवार को चेन्नई फैमिली कोर्ट में पेश हुए। खबरों के मुताबिक, आरती ने तलाक के बाद 40 लाख रुपये मासिक गुजारा भत्ता की मांग की है।
न्यूज़ 18 की रिपोर्ट के अनुसार, फैमिली कोर्ट के जज ने पहले रवि मोहन की ओर से दायर याचिका पर विचार किया, जिसमें उन्होंने तलाक की वजहें बताई थीं। जज ने यह भी कहा कि अब इस रिश्ते में सुलह की कोई गुंजाइश नहीं बची है। आरती की ओर से दायर याचिका में उन्होंने गुजारा भत्ता की मांग करते हुए कहा कि तलाक के बाद उन्हें आर्थिक सहायता की जरूरत है। अदालत ने दोनों पक्षों से कहा है कि वे 12 जून 2025 को होने वाली अगली सुनवाई से पहले अपने लिखित जवाब दाखिल करें।
इस मामले पर आरती रवि ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा किया है। इसमें उन्होंने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए खुद का बचाव किया। उन्होंने केनीशा का नाम लिए बिना उन्हें ‘तीसरा शख्स’ कहा और इस टूटते रिश्ते के लिए जिम्मेदार ठहराया।
गौरतलब है कि रवि और आरती की शादी 2009 में हुई थी और उन्होंने 2024 में अलग होने का एलान किया था। अब यह मामला सिर्फ एक तलाक का नहीं, बल्कि निजी और पेशेवर छवि पर असर डालने वाला बड़ा विवाद बन गया है, जिसने फिल्म इंडस्ट्री और उनके फैंस दोनों को चौंका दिया है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



