
-लेखपाल डैशबोर्ड की हुई शुरुआत
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। अब लेखपाल के सभी कार्य एक ही प्लेटफार्म पर दिखाई देंगे। गुरुवार को उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद के अध्यक्ष अनिल कुमार ने सरोजनीनगर तहसील में लेखपाल डैशबोर्ड की शुरुवात की।
लेखपालों द्वारा सिंगल लॉगइन के माध्यम से सभी कार्यों का सुचारू निस्तारण किया जा सकेगा। कार्यों की उच्च स्तर से सतत मॉनिटरिंग भी की जा सकेगी।
इस अवसर पर राजस्व परिषद के अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के 22,000 से अधिक लेखपाल प्रतिदिन नागरिकों के सबसे निकट रहकर भूमि अभिलेख अद्यतन, प्रमाणपत्र सत्यापन और राजस्व संबंधी कार्यों का दायित्व निभाते हैं। अब “लेखपाल डैशबोर्ड” इन सभी कार्यों को ऑनलाइन और अधिक सुव्यवस्थित बनाएगा। अध्यक्ष ने बताया कि इस डैशबोर्ड के माध्यम से भूमि अभिलेख संशोधन, आय-जाति-निवास प्रमाणपत्रों की स्थिति, धारा 34, 80, 89 व 98 की कार्यवाहियाँ, हल्का मैपिंग और अवकाश स्वीकृति की प्रक्रियाएँ एकल लाग-इन पर उपलब्ध होंगी। उच्चाधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता को वास्तविक समय में देख सकेंगे।
उन्होंने कहा कि “यह पहल केवल तकनीकी विकास नहीं, बल्कि राजस्व परिवार के हजारों कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास और महीनों की कठिन मेहनत का परिणाम है। मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप राजस्व परिषद प्रदेश की राजस्व संबंधी सभी सेवाओं को डिजिटल माध्यम से सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शीघ्र ही “राजस्व निरीक्षक डैशबोर्ड”, “तहसीलदार डैशबोर्ड” व “उपजिलाधिकारी डैशबोर्ड” भी विकसित किए जाएंगे। इनके माध्यम से राजस्व प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर कार्य की निगरानी और दक्षता को और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा पारदर्शिता और जवाबदेही को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया जाएगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी, उप जिलाधिकारी सरोजनीनगर) अंकित, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गंगाराव व अनिल यादव, तहसीलदार सुखबीर समेत लखनऊ के विभिन्न तहसीलों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



