
एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच भले ही संघर्ष विराम की स्थिति बनी हुई हो, लेकिन दोनों देशों के बीच तनाव अब भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इस राजनीतिक तनाव का असर क्रिकेट पर पड़ने की आशंका भी जताई जा रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पुरुष एशिया कप 2025 और महिला इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2025 से अलग होने का फैसला कर लिया है। हालांकि, इन अटकलों पर अब बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने स्पष्टीकरण देते हुए इन खबरों को पूरी तरह गलत और भ्रामक बताया है।
देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा, आज सुबह से ही हमारे संज्ञान में कुछ ऐसी खबरें आई हैं कि बीसीसीआई ने एशिया कप और महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप में भाग नहीं लेने का फैसला किया है, जो दोनों ही एसीसी (एशियाई क्रिकेट परिषद) के आयोजन हैं। ऐसी खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। बीसीसीआई ने न तो इन आयोजनों को लेकर कोई निर्णय लिया है और न ही एसीसी को कोई सूचना दी गई है।
उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में बीसीसीआई का पूरा ध्यान आईपीएल 2025 पर केंद्रित है, साथ ही आगामी इंग्लैंड सीरीज (पुरुष और महिला दोनों टीमों) की तैयारियों पर काम चल रहा है।
गौरतलब है कि पुरुष एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत को ही करनी है, जबकि महिला इमर्जिंग टीम्स एशिया कप 2025 का आयोजन श्रीलंका में प्रस्तावित है। रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया था कि बीसीसीआई ने एसीसी को टूर्नामेंट्स से हटने की औपचारिक जानकारी दे दी है।
इस समय एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी हैं, जो पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के भी चेयरमैन हैं। माना जा रहा था कि राजनीतिक मतभेदों और प्रशासनिक कारणों से बीसीसीआई यह कदम उठा सकता है।
हालांकि, देवजीत सैकिया की स्पष्ट प्रतिक्रिया के बाद यह साफ हो गया है कि फिलहाल बीसीसीआई ने एशिया कप से हटने का कोई निर्णय नहीं लिया है, और इस संबंध में जो खबरें चल रही हैं, वे सिर्फ अटकलें हैं।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
