

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने सोमवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) पर तीखा हमला बोला। इटावा जाते समय कुछ देर के ठहराव के दौरान स्टेशन पर मौजूद समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने बसपा की मौजूदा राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि “अब बसपा का अस्तित्व खत्म हो गया है, वह सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के रहमोकरम पर जिंदा है।”
शिवपाल यादव ने कहा कि हाल ही में लखनऊ में आयोजित बसपा की रैली में जो भीड़ दिखाई गई, वह जनता की नहीं थी बल्कि “पूरी भीड़ भाजपा और प्रदेश सरकार की ओर से जुटाई गई थी।” उन्होंने आरोप लगाया कि बसपा अब भाजपा की “लघु पार्टी” बनकर रह गई है, जो विपक्ष की भूमिका निभाने में पूरी तरह विफल है।
उन्होंने आगे कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरी मजबूती के साथ INDIA गठबंधन के तहत मैदान में उतरेगी। उन्होंने दावा किया कि जनता अब भाजपा की नीतियों से तंग आ चुकी है और परिवर्तन चाहती है। पूर्व मंत्री ने बताया कि समाजवादी पार्टी इस समय आगामी पंचायत चुनावों की तैयारी में पूरी तरह जुटी हुई है। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जा रहा है ताकि आने वाले चुनावों में पार्टी का प्रदर्शन और बेहतर हो सके। शिवपाल यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। उनके इस वक्तव्य को प्रदेश की राजनीति में बसपा और भाजपा के समीकरणों पर सीधा प्रहार माना जा रहा है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



