
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखीमपुर: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के अछनिया गांव में एक युवक द्वारा फेसबुक पर देशविरोधी और भड़काऊ पोस्ट किए जाने से हड़कंप मच गया। आरोपी युवक तैयब खान ने सोशल मीडिया पर “पाकिस्तान जिंदाबाद”, “मोदी मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ( CM YOGI) को बम से उड़ाने की धमकी दी। सोमवार को उक्त पोस्ट का स्क्रीनशॉट इंटरनेट मीडिया पर वायरल होते ही जिलेभर में तनाव का माहौल बन गया। भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ-साथ हिंदू संगठनों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी तैयब खान को उसके गांव अछनिया से गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि तैयब खान गांव के पूर्व प्रधान का भतीजा है और समाजवादी पार्टी से जुड़े एक नेता की बस में परिचालक के रूप में काम करता है। नीमगांव थाने के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूछताछ जारी है। सोशल मीडिया पर ऐसे आपत्तिजनक और देशविरोधी कंटेंट को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। वहीं, प्रशासन ने भी साइबर सेल को सक्रिय कर इस तरह की गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
