
एलायंस टुडे ब्यूरो
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद उत्पन्न युद्ध जैसे हालात को देखते हुए मथुरा में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। कृष्ण जन्मभूमि से लेकर वृंदावन तक सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर है और जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
सभी सुरक्षा बलों को अलर्ट पर रखा गया है, जिनमें सिविल डिफेंस, पुलिस, अग्निशमन विभाग, पीएसी, रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और सीआईएसएफ शामिल हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि जिले की पुलिस हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
एसएसपी ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर फैल रही अपुष्ट खबरों या भ्रामक पोस्ट पर विश्वास न करें। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी भी आपत्तिजनक या झूठी सूचना के प्रसार को रोका जा सके।
जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।
