

एलायंस टुडे ब्यूरो
भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में सोमवार को कोतवाली थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बिहार के गया में अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर जा रही एम्बुलेंस गोपपुर स्थित ओबीटी कंपनी के पास खड़े कंटेनर में पीछे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एम्बुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, बिहार के गया निवासी वरुण कुमार (45) दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। आठ अगस्त को वह सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान दिल्ली के एम्स में उनकी मौत हो गई। सोमवार को परिजन एम्बुलेंस से उनका शव लेकर बिहार जा रहे थे। गोपीगंज से आगे बढ़ते ही राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े कंटेनर में एम्बुलेंस तेज रफ्तार में जा घुसी।
मृतकों की पहचान वरुण की पत्नी ममता (40) और उनकी बहन बेबी (45) पत्नी परमेश के रूप में हुई है। घायलों में रमेश (45) निवासी गाजीपुर, उत्तम (30) निवासी गाजियाबाद, राजा (35) निवासी बेगूसराय, अजित कुमार (28) निवासी बेगूसराय के साथ कंटेनर चालक सूरज (32) निवासी औरैया और खलासी मोहम्मद अफसर (23) निवासी कछौरा शामिल हैं।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोपीगंज पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत में दो को ट्रामा सेंटर वाराणसी और बाकी को जिला अस्पताल महाराजा चेतसिंह रेफर किया गया। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



