
-पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहयोग देगा सूचना विभाग:विशाल सिंह
-उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) का प्रथम स्थापना दिवस सम्पन्न
-पत्रकारिता के मूल्यों और चुनौतियों पर हुआ मंथन
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, बल्कि समाज सेवा है। महापौर शुक्रवार को राजभवन के सामने स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्वेश्वरैया सभागार में आयोजित उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित) के प्रथम स्थापना दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। इस मौके पर सूचना निदेशक विशाल सिंह ने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए विभाग हर संभव सहयोग देगा।कार्यक्रम में पत्रकारिता के मूल्यों और चुनौतियों पर मंथन हुआ।
समारोह को स्वतंत्रता संग्राम के पुरोधा पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी और बाबूराव विष्णु पराड़कर की स्मृति को समर्पित किया गया, जिन्होंने अपनी कलम से अंग्रेजी हुकूमत को ललकारा था।
मुख्य अतिथि महापौर ने कहा कि पत्रकारिता जनता की सच्ची आवाज़ बनकर उभरती है। पत्रकारिता समाज को नई दिशा देने के साथ-साथ अधिकारियों की कमियों को उजागर करती है। यही सच्ची पत्रकारिता है। लोकतंत्र की खूबसूरती है।
विशिष्ट अतिथि सूचना निदेशक ने कहा कि पत्रकार समाज की नब्ज़ पहचानने वाले सशक्त कलमवीर हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि सूचना विभाग पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग और सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध करेगा। वरिष्ठ पत्रकार भास्कर दुबे ने समिति की भावी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पत्रकारों की स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष तेज किया जाएगा। समिति के संयोजक प्रभात त्रिपाठी ने कहा कि पत्रकारों की पेंशन व्यवस्था को नियमित और पारदर्शी बनाने और पीजीआई में पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है। उन्होंने कहा कि पत्रकार केवल खबरें नहीं लिखते, बल्कि समाज की अवाम की आवाज बनकर जनता की समस्याओं को सामने लाते हैं। ऐसे में सरकार और संस्थाओं का दायित्व है कि उन्हें निडर और सुरक्षित वातावरण मिले। प्रेस काउंसिल के पूर्व सदस्य रजा रिज़वी ने कहा कि पत्रकारों की असली ताकत उनकी एकजुटता है और यही एकता उनके अधिकारों की रक्षा कर सकती है। दूरदर्शन के अधिकारी आत्म प्रकाश मिश्र ने कहा कि भारतीय पत्रकारिता ने विश्व पटल पर अपनी अलग पहचान बनाई है।
इस अवसर पर दिवंगत पत्रकार धीरेंद्र श्रीवास्तव के परिवार को सम्मान और सहयोग राशि में 11,000 रुपए व वस्त्र दिया गया । समिति ने निर्णय लिया कि भविष्य में दिवंगत पत्रकारों के परिवारों को सहयोग और सम्मानित करने की परंपरा को जारी रखा जाएगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पूर्व सांसद शीशराम सिंह रवि ने पत्रकारों के मानदेय और पारिश्रमिक को अपर्याप्त बताते हुए कहा कि पत्रकारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से पत्रकारों की समस्याओं को लेकर मुलाकात करेंगे।
समापन सत्र में प्रशासनिक सलाहकार शेखर श्रीवास्तव ने धन्यवाद ज्ञापन देते हुए कहा कि पत्रकारों के हितों की मांगें लगातार मुख्यमंत्री तक पहुंचाई जा रही हैं। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार अजीत कुमार सिंह, शरद प्रधान, अजय श्रीवास्तव, श्यामल त्रिपाठी, रमेश चंद्र, उमेश चंद्र मिश्रा, रवि उपाध्याय, सर्वजीत सूर्यवंशी, दया विष्ट, हरजीत सिंह बाबा,धनंजय सिंह,परमजीत सिंह, विजय प्रकाश शुक्ला समेत लखनऊ व प्रदेशभर के सैकड़ों पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन विक्रम राव ने किया।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



