

एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान को उसके नापाक मंसूबों के लिए कड़ा सबक सिखाते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया। इस सर्जिकल और एयर स्ट्राइक मिशन में भारत ने न सिर्फ आतंकी ठिकानों को तबाह किया, बल्कि पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम को भी निशाना बनाकर ध्वस्त कर दिया। इस सटीक और निर्णायक जवाबी कार्रवाई से पूरे पाकिस्तान में अफरातफरी मच गई है।
भारत की इस कार्रवाई से बौखलाए पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए भारत पर हमला करने की नाकाम कोशिश की। पाकिस्तान की ओर से जम्मू-कश्मीर के रिहायशी इलाकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों में तनाव गहराता जा रहा है।
इस बीच प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में लगातार हाई-लेवल मीटिंग्स का दौर जारी है। कुछ ही देर पहले वर्ल्ड बैंक ग्रुप के प्रेसिडेंट अजय बंगा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इसके तुरंत बाद सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने भी पीएम से मुलाकात कर सुरक्षा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
हालात की गंभीरता को देखते हुए कश्मीर के स्कूलों में सुरक्षा उपायों के तहत एहतियात बरते जा रहे हैं। डायरेक्टर ऑफ स्कूल एजुकेशन, कश्मीर ने बारामूला, कुपवाड़ा, श्रीनगर और अवंतीपोरा एयरपोर्ट के पास स्थित सभी सरकारी और निजी स्कूलों को 9 और 10 मई के लिए बंद करने का आदेश जारी किया है।
भारत की निर्णायक कार्रवाई और पाकिस्तान की घबराहट यह दर्शाती है कि अब आतंकी गतिविधियों को समर्थन देने की कोई भी कोशिश बेअसर नहीं रहेगी। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत की सैन्य शक्ति और रणनीतिक संकल्प का स्पष्ट संकेत है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



