
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को नई गति देने वाली कई महत्वपूर्ण पहल कीं। मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश स्टार्टअप नीति-2026 की पुस्तिका का विमोचन किया और उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन पोर्टल का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप नीति के तहत 107 स्टार्टअप्स को ₹3.42 करोड़ से अधिक की प्रोत्साहन राशि और 9 इनक्यूबेटर्स को ₹1.79 करोड़ की सहायता राशि वितरित की। साथ ही 12 नए इनक्यूबेटर्स को मान्यता प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए तथा विभिन्न स्टार्टअप्स को सम्मानित भी किया गया।
2017 में 120, आज 24 हजार से ज्यादा स्टार्टअप्स
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल करीब 120 स्टार्टअप्स थे, जबकि आज प्रदेश में 24,000 से अधिक स्टार्टअप्स युवाओं के सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास दुनिया की सबसे युवा कार्यशक्ति है, जो प्रतिभाशाली और ऊर्जावान है। इस युवाशक्ति को अवसर और उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के 24 हजार से अधिक सक्रिय स्टार्टअप्स में 8 यूनिकॉर्न भी शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश में नवाचार और उद्यमिता की बढ़ती ताकत को दर्शाते हैं।
भविष्य की तकनीकों में युवाओं को मिलेगा पूरा सहयोग
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उभरती और भविष्य की तकनीकों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि क्वांटम कंप्यूटिंग, स्पेस टेक्नोलॉजी, ड्रोन टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और ग्रीन हाइड्रोजन जैसे फ्यूचर-रेडी सेक्टर्स में युवाओं और उद्यमियों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को निवेश और रोजगार का एक मजबूत प्लेटफॉर्म बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
विश्वविद्यालयों को इनोवेशन और R&D पर देना होगा जोर
मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षण संस्थानों से अपील की कि वे केवल पारंपरिक पाठ्यक्रमों तक सीमित न रहें। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों को इनोवेशन और रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) के लिए बेहतर माहौल तैयार करना होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विश्वविद्यालयों में रिसर्च गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए अलग से फंड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
‘नया यूपी’ अब पीछे हटने वाला नहीं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में ‘नए भारत का नया उत्तर प्रदेश’ देश की तेजी से उभरती अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि स्टार्टअप्स, इनोवेशन और युवाओं की प्रतिभा उत्तर प्रदेश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार का प्रयास है कि युवाओं को प्रोत्साहन राशि, बेहतर इकोसिस्टम और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराकर उनके विचारों को सफल उद्यमों में बदला जाए।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थी स्टार्टअप्स, इनक्यूबेटर्स और युवा उद्यमियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश के युवा प्रदेश को निवेश, नवाचार और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

अनुपम चंद्र ( Anupam Chandra ) एक ग्राउंड रिपोर्टर और कंटेंट लेखक हैं। वे डिजिटल मीडिया की तकनीकी बारीकियों और कंटेंट क्रिएशन के नए तौर-तरीकों की गहरी समझ रखते हैं।



