
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। लखनऊ में सिराथू विधायक पल्लवी पटेल ने शनिवार को लगभग 2 हजार कार्यकर्ताओं के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया। पल्लवी यूजीसी के नए प्रावधानों को लागू करने की मांग कर रही हैं, जिन पर फिलहाल सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा रखी है।
इस प्रदर्शन में, पल्लवी की पार्टी अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ता दोपहर डेढ़ बजे चारबाग में इकट्ठा हुए और विधानसभा कूच करने की तैयारी करने लगे। लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया, जिससे गुस्साए कार्यकर्ता रेलवे स्टेशन की तरफ भाग गए।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचकर, पल्लवी और कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। इस दौरान, कुछ कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर उतर गए और ट्रैक पर खड़े इंजन पर चढ़ने लगे। पल्लवी भी इंजन पर चढ़ गईं और नारेबाजी करने लगीं।
लगभग डेढ़ घंटे तक स्टेशन पर हंगामा होता रहा, जिसमें पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की। बाद में, सभी को हिरासत में लेकर बस में भरकर इको गार्डन भेज दिया गया।

प्रदर्शन कर रहे अनिल राज कोरी ने कहा कि पहले हम लोगों ने बस रोकी थी, आज रेल रोकी है। अगर जरूरत पड़ी तो हवाई जहाज भी रोकेंगे और एयरपोर्ट पर ताला लगा देंगे। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़ा, आदिवासी, सबको वोट करता है, मगर कोई भी उसके अधिकार के लिए सामने नहीं आता। हम लोग मुकदमों से नहीं डरते, मुकदमा हमारे लिए मेडल की तरह है।
अनिल राज कोरी ने आगे कहा कि हम लोगों ने यूजीसी लागू करने की मांग को लेकर अपने नेता पल्लवी पटेल के साथ रेल रोकी। उन्होंने कहा कि अगर हमें रोक पाएं तो रोककर दिखा दें, लेकिन हम लोग मुकदमों से नहीं डरते हैं। उन्होंने कहा कि 7 मुकदमे यूजीसी का समर्थन करने पर दर्ज हो चुके हैं और मेरे लोगों को लाठियां से पीटा गया है। जब सवर्ण समाज के लोग उतरते हैं, हुड़दंग करते हैं तब उन पर कोई कार्रवाई नहीं होती, लेकिन जब दलित-पिछड़ा युवा सड़क पर उतरता है, तब उस पर मुकदमे दर्ज होते हैं।
अनिल राज कोरी ने कहा कि बहुजन समाज जाग चुका है और हम सरकार को बताना चाहते हैं कि 2 अप्रैल 2018 दोहराने पर हमें मजबूर ना किया जाए। उन्होंने कहा कि हम अपने अधिकारों के लिए लड़ने के लिए तैयार हैं और हमें रोकने की कोशिश ना की जाए।
