
एलायंस टुडे ब्यूरो
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस वक्त तमिलनाडु के दौरे पर हैं। वह चेन्नई में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक कर रहे हैं। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान वे तमिलनाडु की प्रमुख विपक्षी पार्टी AIADMK के साथ संभावित गठबंधन पर भी चर्चा कर सकते हैं।
इस बीच, भाजपा ने तमिलनाडु के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का भी ऐलान कर दिया है।
नयनार नागेन्द्रन को मिली कमान
शुक्रवार को सामने आई जानकारी के अनुसार, नयनार नागेन्द्रन को तमिलनाडु भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष चुना गया है। अध्यक्ष पद के लिए केवल उन्होंने ही नामांकन दाखिल किया था। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने उनके नाम का प्रस्ताव किया, जिसे अन्य वरिष्ठ नेताओं ने सर्वसम्मति से स्वीकार कर लिया। आधिकारिक घोषणा कल दिल्ली में पार्टी मुख्यालय से की जाएगी।
कौन हैं नयनार नागेन्द्रन?
नयनार नागेन्द्रन तमिलनाडु की तिरुनेलवेली विधानसभा सीट से भाजपा विधायक हैं। वे फिलहाल प्रदेश भाजपा के उपाध्यक्ष हैं और पूर्व में राज्य सरकार में मंत्री का पद भी संभाल चुके हैं। संगठनात्मक अनुभव और प्रशासनिक पृष्ठभूमि को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अन्नामलाई को क्यों हटाया गया?
2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और AIADMK ने गठबंधन में चुनाव लड़ा था, जिसमें भाजपा को 4 सीटें मिली थीं। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले AIADMK ने प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई पर अपने नेताओं का अपमान करने का आरोप लगाया और गठबंधन से अलग हो गई। परिणामस्वरूप, दोनों दल एक भी सीट नहीं जीत सके। अब 2026 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए फिर से गठबंधन की संभावनाएं जताई जा रही हैं, और नए नेतृत्व के साथ भाजपा नई शुरुआत करना चाहती है।



