
एलायंस टुडे ब्यूरो
बिजनौर। नगीना में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने गर्भवती विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका की मां की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।
बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव बांसूवाला निवासी संतोष देवी ने बताया कि उनकी बेटी नेहा की शादी नगीना के मोहल्ला कायस्थ सराय निवासी सूरज के साथ हुई थी। नेहा पांच माह की गर्भवती थी। रविवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नेहा की मौत हो गई है।
जानकारी मिलते ही सीओ नगीना अंजनी कुमार चतुर्वेदी और थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने ससुरालियों पर दहेज की मांग को लेकर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही नेहा को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। मांग पूरी न होने पर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी गई। जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि नेहा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया। मृतका की मां की तहरीर पर पति सूरज, ससुर महेंद्र, सास सुमन, ननद सानिया, देवर आशीष, राहुल और कुंवरपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां पत्रकारों और संपादकों की एक अनुभवी टीम काम करती है। ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करना ही हमारी प्राथमिकता है।
