-उपहार में मिली संविधान और प्रेरक पुस्तकें
नैनीताल/कैलाशपुरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए उत्तराखंड के नैनीताल से आईं महिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्रा राजेश ने कैलाशपुरी स्थित गायत्री सदन में अपने भाइयों के साथ मिलकर आम और जामुन के पांच पौधों का रोपण किया तथा उनका सिंचन भी किया।
इस अवसर पर डॉ. इंद्रा राजेश ने कहा कि त्योहारों को केवल परंपराओं तक सीमित न रखकर रचनात्मक व सकारात्मक कार्यों से जोड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसे कार्य पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आत्मिक संतोष भी प्रदान करते हैं। उन्होंने लोगों से अंधविश्वास व पाखंड से दूर रहकर वैज्ञानिक सोच अपनाने का आह्वान किया।
रक्षा बंधन के अवसर पर सीनियर सिटीजन, पूर्व लेखाधिकारी, समाजसेवी एवं पत्रकार प्राग दत्त ने अपनी पुत्री डॉ. इंद्रा राजेश को भारत के संविधान की एक पुस्तिका तथा समाजसेवी स्मृति शेष गायत्री देवी पर आधारित पुस्तक “दूर पथ का राही” भेंट की।
वहीं उनके भाई पूर्व उपनिदेशक सूचना प्रमोद कुमार ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ के सेवानिवृत्त एमेरिटस प्रोफेसर ऑफ जनरल सर्जरी डॉ. टी.सी. गोयल व संपादक डॉ. अपुल गोयल द्वारा लिखित पुस्तक “आद्यंत (From Beginning to End)” भेंट की। यह पुस्तक जीवन यात्रा के अनुभवों, अवलोकनों और उनसे प्राप्त सीखों का प्रेरक संकलन है।
कार्यक्रम के दौरान अधिशासी अभियंता सुनील दत्त, मोहम्मद अफजल, विपिन, सत्यप्रकाश, आयुष दत्त सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, पठन-पाठन की संस्कृति तथा सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



