

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखीमपुर खीरी: बुधवार सुबह तेज आंधी और बारिश ने लखीमपुर खीरी जिले में भारी तबाही मचाई। जिले के निघासन, मझगईं, पलिया और अन्य क्षेत्रों में आंधी से जन-धन का व्यापक नुकसान हुआ है। हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हुए हैं। सैकड़ों पेड़ गिरने से सड़कों और रेलवे ट्रैक अवरुद्ध हो गए, वहीं दर्जनों घरों को नुकसान पहुंचा।
मझगईं में दर्दनाक हादसा: पिता-पुत्री की मौत
मझगईं थाना क्षेत्र के छेदुई पतिया फार्म में रक्षपाल सिंह (45) अपने परिवार के साथ छप्पर के नीचे सो रहे थे। तेज आंधी में छप्पर और दीवार गिर गई, जिसमें रक्षपाल, उनकी पत्नी सर्वजीत कौर (40), दूसरी पत्नी सीता कौर (38), पुत्र गुरजीत (13) और पुत्री रमनदीप (10) दब गए। रमनदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल रक्षपाल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का निघासन सीएचसी में इलाज चल रहा है।
80 वर्षीय वृद्धा की टीनशेड गिरने से मौत
निघासन के ग्रंट नंबर 12 की फुलवासा (80), तेज आंधी में टीनशेड और ईंटों के नीचे दब गईं। परिजनों ने उन्हें फूलबेहड़ सीएचसी पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। डॉक्टरों के अनुसार, सिर में गंभीर चोट के कारण वृद्धा की मृत्यु हुई।
रेल और सड़क यातायात बाधित
तेज आंधी में कई जगहों पर पेड़ गिरने से पलिया-भीरा मुख्य मार्ग बाधित हो गया। पलिया से मैलानी और मैलानी से नानपारा के बीच रेल सेवा ठप रही। रेलवे ट्रैक पर गिरे पेड़ों को हटाने में दोपहर बाद तक कार्य चलता रहा।
विभिन्न इलाकों में भारी नुकसान
मेलाघाट में कई घरों पर वर्षों पुराने पेड़ गिरने से लिंटर तक चटक गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।
अतरिया गांव में पेड़ गिरने से एक गाय और एक बछिया की मौत हो गई।
पलिया कोतवाली में खड़ी सरकारी गाड़ियों पर पेड़ गिरने से वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
कई घायल, बिजली व्यवस्था चरमराई
मझगईं, नौगवां, बेला, कोठिया, त्रिलोकपुर, बल्लीपुर आदि गांवों में पेड़ और दीवार गिरने से रेनू देवी (35), सोनिका (15), कैसर निशा (50), लियाकत (55) सहित कई लोग घायल हो गए।
पलियाकलां क्षेत्र में करीब 35 बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई है। विद्युत विभाग के कर्मचारी मरम्मत कार्य में जुटे हैं।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



