
रामपुरा (जालौन)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में रामपुरा में ‘युवा स्वयंसेवक संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया। वक्ताओं ने युवाओं से अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता का सकारात्मक उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उरई जिले के जिला कार्यवाह गौतम ने कहा कि युवा राष्ट्र की धरोहर हैं और देश के भविष्य को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए और देश के विकास में सक्रिय योगदान देने के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।
युवा संवाद के दौरान राष्ट्र, समाज, संस्कृति और भविष्य की चुनौतियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर युवाओं ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि युवा सकारात्मक सोच, अनुशासन और सेवा भावना के साथ समाज में रचनात्मक परिवर्तन के वाहक बन सकते हैं।
कार्यक्रम में बौद्धिक सत्र के साथ-साथ शारीरिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में जिज्ञासा समाधान सत्र आयोजित किया गया। इसमें उपस्थित युवाओं ने मुख्य वक्ता गौतम के समक्ष विभिन्न विषयों को लेकर अपने प्रश्न रखे, जिनका उन्होंने विस्तारपूर्वक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम में खंड संघचालक रामचंद्र, खंड कार्यवाह मानवेंद्र, खंड सह कार्यवाह नितिन, खंड विस्तारक दिग्विजय सहित संघ के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी, सामाजिक चेतना, अनुशासन और सेवा भावना को मजबूत करना रहा।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



