
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: राजधानी में भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गुरुवार सुबह बुद्धेश्वर चौराहे के पास लोगों ने मोहन रोड जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक प्रदर्शन चला, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ और आगरा एक्सप्रेस-वे जाने वाले वाहनों को तिकुनिया रोड से डायवर्ट करना पड़ा।
लोगों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से इलाके में सिर्फ 2 घंटे बिजली मिल रही है। बिजली न आने से पानी की सप्लाई भी ठप हो गई है। प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। लोगों ने बिजली विभाग पर शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया।
बुधवार रात भी शहर के कई पावर हाउसों पर हंगामा हुआ। उतरेठिया, फैजुल्लागंज, तेलीबाग, गोमती नगर विस्तार और बीबीएयू पावर हाउस पर लोगों ने घेराव कर नारेबाजी की। कई जगह बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी पावर हाउस छोड़कर चले गए। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
फैजुल्लागंज पावर हाउस पर लोगों ने 10 घंटे से बिजली न होने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि पुलिस ने लाठियां फटकारकर उन्हें वहां से हटाया।
नादरगंज में ABC केबल जलने और कई जगह ट्रांसफार्मर फुंकने से बिजली व्यवस्था और खराब हो गई है। गोमती नगर विस्तार में लगातार तीसरे दिन केबल जलने की घटना सामने आई।
इस बीच फैजुल्लागंज उपकेंद्र में संविदा लाइनमैन उदय राज की 11 हजार वोल्ट लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद बिजली कर्मचारियों में शोक है।
बिजली विभाग ने गुरुवार को करामत मार्केट, इंदिरानगर, हुसैनाबाद और पुरनिया समेत कई इलाकों में मरम्मत कार्य के चलते बिजली कटौती की जानकारी दी है। इससे करीब दो लाख लोग प्रभावित होंगे।
बुधवार को लखनऊ पश्चिम के विधायक Armaan Khan भी तालकटोरा पावर हाउस पर धरने पर बैठे थे।
Lucknow Desk Alliance Today की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाती है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।
