
अनुपम चंद्र
मुंबई: छुपाना भी नहीं आता के गायक विनोद राठौड़ हिंदी सिनेमा के उन मशहूर गायकों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपनी मधुर और रूमानी आवाज से लाखों दिलों को जीता। ‘बाजीगर’ से लेकर ‘मुन्नाभाई एमबीबीएस’ तक उनके गाए गीत आज भी लोगों की जुबान पर हैं। कुमार सानू और उदित नारायण जैसे दिग्गज गायकों के दौर में भी विनोद राठौड़ ने अपनी अलग पहचान बनाई।
विनोद राठौड़ का जन्म 13 सितंबर 1962 को मुंबई में हुआ था। उनके पिता चर्तुभुज राठौड़ शास्त्रीय संगीतकार थे, जिसके कारण बचपन से ही उनका झुकाव संगीत की ओर हो गया। घर के संगीत भरे माहौल ने उनके अंदर गायकी का जुनून पैदा किया।
साल 1986 में मशहूर संगीतकार उषा खन्ना ने एक कैसेट में उनकी आवाज सुनी और फिल्म ‘दो यार’ में कव्वाली गाने का मौका दिया। इसके बाद उन्होंने उषा खन्ना के लिए करीब 40 गाने गाए। संघर्ष के दिनों में उन्होंने अजय स्वामी और सुरिंदर कोहली जैसे संगीतकारों के साथ भी काम किया, जिससे उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी।
विनोद राठौड़ को पहला बड़ा ब्रेक संगीतकार जोड़ी शिव-हरि ने दिया। उन्हें लता मंगेशकर और सुरेश वाडेकर के साथ ‘बादल पे चलके आ’ गाने का मौका मिला, जो काफी लोकप्रिय हुआ। इसके बाद फिल्म ‘विजय’ में गाया गया ‘जिंदगी हर जनम प्यार की दास्तान’ भी लोगों को खूब पसंद आया।
हालांकि विनोद राठौड़ को सबसे ज्यादा लोकप्रियता ‘रोमियो मेरा नाम’ गाने से मिली। यह गीत फिल्म ‘रूप की रानी और चोरों का राजा’ का था, जिसे संगीतकार जोड़ी लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने उन्हें गाने का मौका दिया था। इसके बाद वह बॉलीवुड के चर्चित गायकों में शामिल हो गए।
उनकी आवाज में गाया गया ‘छम्मा-छम्मा’ गीत भी काफी मशहूर हुआ, जिसमें दिवंगत अभिनेता अमरीश पुरी नजर आए थे। इसके अलावा ‘ऐसी दीवानगी’, ‘कोई ना कोई चाहिए’, ‘अंखियों से गोली मारे’, ‘अंग से अंग लगाना’, ‘नायक नहीं खलनायक हूं मैं’ और ‘एम बोले तो मुन्नाभाई’ जैसे कई सुपरहिट गानों ने उन्हें खास पहचान दिलाई।
विनोद राठौड़ ने सिर्फ हिंदी ही नहीं, बल्कि नेपाली, गुजराती, मराठी, पंजाबी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, भोजपुरी और फारसी समेत कई भाषाओं में 3500 से ज्यादा गाने गाए हैं। अपनी शानदार आवाज और अलग अंदाज की वजह से वह आज भी संगीत प्रेमियों के दिलों में खास जगह रखते हैं।
Entertainment Desk हमारी विशेष न्यूजरूम टीम है, जो बॉलीवुड, ओटीटी, टीवी, म्यूजिक और सोशल मीडिया ट्रेंड्स की हर छोटी-बड़ी हलचल पर लगातार नजर रखती है। इस टीम से कई अनुभवी पत्रकार, रिपोर्टर्स और भरोसेमंद सोर्स जुड़े हुए हैं, जो देशभर से मनोरंजन जगत की तेज और एक्सक्लूसिव अपडेट्स उपलब्ध कराते हैं।
