

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके को ‘चलो संसद’ मार्च के दौरान दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर से हिरासत में ले लिया। उनकी हिरासत के बाद प्रदर्शन और उग्र हो गया, जिसके चलते राजधानी के कई इलाकों में तनाव का माहौल बन गया।
सीजेपी के आह्वान पर बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद की ओर बढ़ने लगे। रायसीना रोड पर दोपहर करीब 12:30 बजे प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर आंसू गैस के गोले छोड़े गए और हल्का लाठीचार्ज भी किया गया।
प्रदर्शन के बीच समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव और आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह भी सीजेपी के विरोध मार्च में शामिल हुए और प्रदर्शनकारियों का समर्थन किया।
इस दौरान रफी मार्ग से हटाए गए कई प्रदर्शनकारी इंडिया गेट के लॉन तक पहुंच गए, जहां उन्हें हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
हालात को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और आसपास के इलाके में करीब 5,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। साथ ही धरना स्थल के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 लागू कर दी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
उधर, कुछ प्रदर्शनकारियों ने संसद मार्ग के आसपास खड़ी पुलिस वैनों पर चढ़कर हंगामा किया। आरोप है कि कई पुलिस वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और उनकी छतों पर चढ़कर प्रदर्शन किया गया। इसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा और कड़ी कर दी गई।
फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



