

नई दिल्ली: समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार सुबह संसद परिसर में सपा सांसदों के साथ प्रदर्शन किया। उन्होंने 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान हुए पुलिस एक्शन को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से सदन में बयान देने की मांग की। इसके साथ ही राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा गया।
प्रदर्शन में अखिलेश यादव के साथ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और अन्य विपक्षी सांसद भी शामिल हुए। सांसदों ने अमित शाह की तस्वीर वाले पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और ‘अमित शाह गायब हैं’ तथा ‘सदन में आकर जवाब दो’ जैसे नारे लगाए। विपक्षी नेताओं ने कहा कि जब तक अमित शाह सदन में आकर बयान नहीं देते, तब तक सदन की कार्यवाही नहीं चलने दी जाएगी।
‘अमित शाह गायब हैं’ के पोस्टर और कैलेंडर
प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव समेत कई सांसदों के हाथों में अमित शाह की संसद से कथित गैरमौजूदगी को दर्शाने वाला कैलेंडर भी दिखाई दिया। कैलेंडर पर अमित शाह की तस्वीर के साथ संसद की कार्यवाही की तारीखें दर्ज थीं और प्रत्येक तारीख के सामने ‘गैरहाजिर’ लिखा गया था। कुछ सांसदों ने अमित शाह के ‘लापता’ होने वाले पोस्टर भी लहराए।
वहीं, सपा सांसदों ने राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर भी पोस्टर प्रदर्शित किए। इस दौरान ‘चंदा चोर, गद्दी छोड़’ के नारे लगाए गए।
महिला आरक्षण, परिसीमन और FCRA विधेयक पर सरकार से सवाल
प्रदर्शन के दौरान अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण, परिसीमन और FCRA विधेयक को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि सरकार सवालों से क्यों भाग रही है।
जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि लाठी चली, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में आज भी बच्चों के ऊपर मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सरकार ने कहा था कि मुकदमे नहीं होंगे।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार संस्थाओं पर कब्जा करना चाहती है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए उसे ‘बहुत बड़ी भूमाफिया पार्टी’ भी बताया।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



