

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि राजधानी लखनऊ में भाजपा भूमाफिया बनकर काम कर रही हैं। कोई भी योजना आने के पहले भाजपा के लोग मिलकर पहले ही जमीनें ले लेते हैं। लखनऊ के सभी तालाबों पर कब्जा हो गया है।
भाजपा सरकार पर अलोकतांत्रिक होने का आरोप लगाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि गाजीपुर से लेकर हाथरस और हरदोई तक बेटियों की हत्याएं हुई लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। हाथरस में बाल्मीकि समाज की बेटी को न्याय दिलाने के लिए भी दलों के लोग खड़े हुए लेकिन सरकार ने न्याय नहीं दिया। आरोप लगाया कि सरकार के लोगों ने दाह संस्कार के लिए परिवार को अंतिम संस्कार भी नहीं करने दिया जबकि सनातन धर्म में अंतिम संस्कार के लिए कोई नहीं रोकता है।
ग्रीन कारिडोर की डिजायन ही खराब कर दी
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश ने कहा कि लखनऊ में ग्रीन कारिडोर पर सात हजार करोड़ खर्च हो गया, लेकिन हर चौराहे पर ट्रैफिक रूका रहता है। ग्रीन कारिडोर की डिजायन ही खराब कर दी है।
तंज कसते हुए कहा कि लगता है ग्रीन कॉरिडोर की डिजाइन इंजीनियरों ने नहीं मुख्यमंत्री ने बनायी है। पश्चिम बंगाल के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि बंगाल में ममता बनर्जी की ऐतिहासिक जीत होने जा रही है। उन्होंने कहा कि हम यही से चैनलों के माध्यम से ममता बनर्जी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि स्मार्ट मीटर खरीद में ही बड़े पैमाने पर हेराफेरी हुई है। सरकार जनता की जेब से पैसा निकालकर उद्योगपतियों की जेब में डाल रही है। भाजपा सरकार ने जो सोलर प्लांट लगाया है, वह सिर्फ अपने लोगों को लाभ दिलाने के लिए लगाया है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



