

एलायंस टुडे ब्यूरो
नई दिल्ली: पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर के बाद देश की सुरक्षा और रणनीति को लेकर उच्चस्तरीय बैठकों का दौर जारी है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की और उन्हें ऑपरेशन की विस्तृत जानकारी दी। यह मुलाकात राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज़ से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति को बताया कि भारतीय सेना ने आतंकी ठिकानों पर सटीक और निर्णायक कार्रवाई करते हुए नौ अहम ठिकानों को नेस्तनाबूद किया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने सेना के साहस और रणनीतिक कौशल की सराहना की और देश की सुरक्षा के लिए उठाए गए इस कदम को आवश्यक बताया।
इस बीच संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद उत्पन्न संवेदनशील हालातों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 8 मई को सुबह 11 बजे संसद भवन परिसर में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लें और राष्ट्रीय सुरक्षा के विषय पर एकजुटता दिखाएं।
रिजिजू ने कहा, “यह समय राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर देशहित में सोचने का है। ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि आतंकवाद के खिलाफ हमारी अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। सभी दलों को इस पर एक स्वर में खड़ा होना चाहिए
बैठक की अध्यक्षता स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, और तीनों सेनाओं के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे। इस बैठक में नेताओं को ऑपरेशन सिंदूर की विस्तृत जानकारी दी जाएगी और भविष्य की रणनीति पर भी चर्चा की जाएगी।
गौरतलब है कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान और PoK के कई क्षेत्रों—मुजफ्फराबाद, बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट, कोटली, बाघ, गुलपुर, भिंबेर और शकरगढ़—में स्थित आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इनमें हाफिज सईद और मसूद अजहर जैसे आतंकी सरगनाओं के ठिकाने भी शामिल थे।
इस सैन्य कार्रवाई के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर जैसे राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उत्तर प्रदेश में तो रेड अलर्ट तक घोषित कर दिया गया है। सरकार ने साफ कर दिया है कि भारत की संप्रभुता और नागरिकों की सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर को न केवल एक सैन्य सफलता, बल्कि कूटनीतिक स्तर पर भी भारत की मजबूती के रूप में देखा जा रहा है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



