

एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: पहलगाम में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए भारतीय सेना ने पाकिस्तान की सीमा में घुसकर ऑपरेशन सिंदूर को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। इस कार्रवाई में सेना ने आतंकियों के नौ ठिकानों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है। इस सैन्य अभियान के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक (DGP) द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर जारी बयान में बताया गया कि ऑपरेशन सिंदूर के तहत सेना द्वारा की गई निर्णायक कार्रवाई के बाद प्रदेशभर में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। राज्य की सभी फील्ड यूनिट्स को रक्षा बलों के साथ समन्वय बनाए रखने और संवेदनशील प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं। यूपी पुलिस पूरी तरह सतर्क है, संसाधनों से लैस है और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है। मिली जानकारी के अनुसार भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के भीतर स्थित आतंकियों के ठिकानों को निशाना बनाया। इन ठिकानों में आतंकी सरगनाओं हाफिज सईद और मसूद अजहर के अड्डे भी शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान मुजफ्फराबाद, बहावलपुर, मुरीदके, सियालकोट, कोटली, बाघ, गुलपुर, भिंबेर और शकरगढ़ जैसे क्षेत्रों में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया गया है। यह कार्रवाई आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है और देश की सुरक्षा के लिए एक अहम कदम माना जा रहा है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



