
– बीएसपी की पांचवीं बार सरकार बनाने का लक्ष्य, उम्मीदवार चयन और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री कुमारी मायावती ने सोमवार को पार्टी के प्रदेश संगठन, मंडल इकाइयों, सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में खासतौर पर आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों, पार्टी उम्मीदवारों के चयन की प्रगति और संगठनात्मक मजबूती की गहन समीक्षा की गई।
लखनऊ स्थित बीएसपी प्रदेश कार्यालय, 12 माल एवेन्यू में आयोजित बैठक में मायावती ने बदलते राजनीतिक हालात को देखते हुए चुनावी तैयारियों को और अधिक तेज एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने के निर्देश
बैठक में मतदाता सूची से जुड़े कार्यों और पोलिंग बूथ स्तर तक पार्टी कमेटियों के पुनर्गठन की प्रगति की समीक्षा की गई। मायावती ने संगठन में जहां भी कमियां हैं, उन्हें तय समय के भीतर दूर करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों को युद्धस्तर पर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बीएसपी प्रमुख ने कहा कि पार्टी को विरोधियों के विभिन्न राजनीतिक हथकंडों का मुस्तैदी से सामना करते हुए प्रदेश में अपनी सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करना होगा।
मायावती ने कहा कि बीएसपी की सरकार बनने पर प्रदेश में ‘कानून द्वारा कानून का बेहतरीन राज’ और ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति के तहत जन अपेक्षाओं को पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।

‘चुनावी वादों और रेवड़ियों से जनता को सतर्क करना जरूरी’
बैठक को संबोधित करते हुए मायावती ने आरोप लगाया कि विभिन्न राजनीतिक दल चुनाव से पहले महिलाओं और अन्य वर्गों को निजी लाभ पहुंचाने वाली योजनाओं, लुभावने वादों और घोषणाओं के जरिए मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास करते हैं, लेकिन सरकार बनने के बाद कई वादों को पूरा नहीं किया जाता।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को ऐसे कथित छलावों और वादाखिलाफी से सतर्क करना जरूरी है, ताकि मतदाता अपनी इच्छा के अनुसार स्वतंत्र और निष्पक्ष रूप से मतदान कर सकें।
मायावती ने महंगाई, गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए सरकारों की ओर से की जा रही कुछ घोषणाएं पर्याप्त समाधान से अधिक चुनावी कदम प्रतीत होती हैं। बीएसपी प्रमुख ने दावा किया कि जनहित और जनकल्याण के कार्य सरकारों की निरंतर जिम्मेदारी होनी चाहिए।
जेन-जी और जेन-अल्फा के मुद्दों का भी किया जिक्र
मायावती ने कहा कि विरोधी दलों की नीतियों और कार्यप्रणाली के कारण जेन-जी और जेन-अल्फा के बीच भी असंतोष देखने को मिल रहा है। उन्होंने दावा किया कि युवाओं को विभिन्न मुद्दों पर संघर्ष और सरकारी कार्रवाई का सामना करना पड़ रहा है।
बीएसपी प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से पार्टी की नीतियों और संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
9 अक्टूबर को लखनऊ में होगी कांशीराम की पुण्यतिथि सभा
बैठक में बीएसपी संस्थापक मान्यवर कांशीराम की 9 अक्टूबर को होने वाली पुण्यतिथि के कार्यक्रम को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए।
मायावती ने बताया कि इस वर्ष कार्यक्रम लखनऊ में वीआईपी रोड स्थित बौद्ध स्मृति उपवन के सामने बने मान्यवर श्री कांशीराम जी स्मारक स्थल पर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
बीएसपी के अनुसार, यूपी-दिल्ली सीमा पर स्थित बहुजन प्रेरणा केंद्र में रखरखाव संबंधी कार्य चल रहा है। इसी को देखते हुए इस वर्ष पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों से भी लखनऊ पहुंचकर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया है।
नेपाल बाढ़ पीड़ितों के प्रति जताई संवेदना
मायावती ने पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण बाढ़ से हुई जान-माल की हानि पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आपदा में प्रभावित भारतीय नागरिकों और अन्य पीड़ित परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदना है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों से अपील की कि नेपाल में आई बाढ़ के प्रभाव से उत्तर प्रदेश में संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रभावित लोगों की हरसंभव मदद के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
मायावती ने विशेष रूप से पूर्वांचल के बाढ़ प्रभावित इलाकों में गरीब और जरूरतमंद परिवारों तक राहत एवं आपदा योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ हर वर्ष बड़ी समस्या बनकर सामने आती है, इसलिए इसके स्थायी समाधान की दिशा में भी गंभीर प्रयास किए जाने चाहिए।

UP Desk, एलायंस टुडे की राज्य स्तरीय न्यूज़रूम टीम है, जो उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी ख़बरों जैसे राजनीति, प्रशासनिक फैसलों, कानून व्यवस्था, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण खबरों को कवर करती है। हमारी टीम में विष्णु चंद्र ( Vishnu Chandra ) जैसे कई संवाददाता मौजूद हैं.



