
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत की 7.8 प्रतिशत विकास दर को लेकर देशवासियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध, संघर्ष, सप्लाई चेन में बाधा और अस्थिरता के बावजूद भारत तेजी से प्रगति कर रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “मेरे देशवासियों को बहुत-बहुत बधाई। 7.8% की विकास दर, पूरा देश खुशी से भरा है। मैं लोगों को उनके संकल्प और मेहनती स्वभाव के लिए बधाई देता हूं। यह हमारी सामूहिक ताकत को दिखाता है।”
उन्होंने कहा कि आज दुनिया कई तरह के संकटों से जूझ रही है। हर तरफ युद्ध और संघर्ष की खबरें सामने आ रही हैं, जबकि वैश्विक सप्लाई चेन भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 में कोविड महामारी के दौर के बाद से दुनिया के कई हिस्सों में स्थिरता की कमी बनी हुई है।
View this post on Instagram
‘संकटों के बावजूद भारत की तेज प्रगति जारी’
पीएम मोदी ने कहा कि इन वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारत लगातार आगे बढ़ रहा है और तेज गति से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश ने तमाम बाधाओं को पार करते हुए 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल की है।
प्रधानमंत्री ने कुछ लोगों पर देश में निराशा का माहौल बनाने और झूठ फैलाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग निराशा के अंधेरे में डूबे हुए हैं और नकारात्मकता फैलाने का प्रयास करते हैं, लेकिन देश की सामूहिक शक्ति और मेहनत ने इन सभी बाधाओं को पीछे छोड़ दिया है।
‘विकास की रफ्तार बनाए रखना जरूरी’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत को विकास की इस गति को आगे भी बनाए रखना होगा। उन्होंने देशवासियों से निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इसके लिए ‘आत्मनिर्भर भारत’ का निर्माण बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति देशवासियों के संकल्प, परिश्रम और सामूहिक शक्ति का परिणाम है तथा आने वाले समय में आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़कर देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू सकता है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



