
एलायंस टुडे ब्यूरो
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की ओर से रविवार को एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी संगठन को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता पार्टी सुप्रीमो मायावती ने की। उन्होंने अपने भतीजे आकाश आनंद को बसपा का मुख्य नेशनल कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी। मायावती ने संगठन को मजबूत करने और सर्वसमाज में पार्टी का जनाधार बढ़ाने की दिशा में गंभीर प्रयास करने की आवश्यकता जताई। बैठक के दौरान बसपा के कार्यों की समीक्षा की गई और संगठनात्मक ढांचे को और सशक्त बनाने पर चर्चा की गई।
बैठक में हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले पर गहरा दुख जताया गया और इसके जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की कार्रवाई की सराहना की गई। मायावती ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदमों की जरूरत पर बल दिया और कहा कि देश में ऐसा मजबूत सुरक्षा तंत्र होना चाहिए जिससे किसी का सुहाग न उजड़े। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा पाकिस्तान की परमाणु धमकी का दृढ़ता से जवाब देने को सही कदम बताया और कश्मीर मुद्दे पर किसी भी तीसरे पक्ष, खासकर अमेरिका, की दखल को खारिज करने की बात कही। उनका कहना था कि देश को अपने आत्मबल पर भरोसा करना चाहिए।
मायावती ने यह भी कहा कि गौतम बुद्ध और डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसी महान हस्तियों की प्रतिमाओं का अपमान करके समाज में द्वेष फैलाने की कोशिशों पर सरकार को सख्ती से रोक लगानी चाहिए। उन्होंने बहुजन वालंटियर फोर्स (बीवीएफ) को फिर से सक्रिय और संगठित करने पर जोर दिया, ताकि पूरे देश में पार्टी के कार्यक्रम प्रभावी ढंग से आयोजित किए जा सकें। अंत में, मायावती ने विश्वास जताया कि आकाश आनंद अपने दायित्वों का निष्ठा से निर्वहन करेंगे और पार्टी व मूवमेंट को मजबूती देने में अपना अहम योगदान देंगे।
