

एलायंस टुडे ब्यूरो
बिजनौर। व्हाट्सएप के माध्यम से स्वयं को शेयर बाजार का सलाहकार बताकर लोगों को ट्रेडिंग में भारी लाभ का झांसा देने वाले ठग गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए बिजनौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस मामले में पुलिस ने 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में नकदी, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और दस्तावेज बरामद किए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से पुलिस ने ₹3,01,850/- (तीन लाख एक हजार आठ सौ पचास रुपये) नकद, 08 मोबाइल फोन, 02 लैपटॉप, 13 विभिन्न प्रकार के पहचान पत्र तथा एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। पुलिस की माने तो यह गिरोह व्हाट्सएप के माध्यम से खुद को शेयर मार्केट का जानकार बताकर लोगों को झूठे मुनाफे का लालच देता था। वे उन्हें विभिन्न ट्रेडिंग ग्रुप्स में जोड़ते थे और धीरे-धीरे बड़ी धनराशि की ठगी कर लेते थे।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, यह गिरोह एक संगठित तरीके से कई राज्यों में सक्रिय था और तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को भ्रमित करता था। गिरफ्तार अभियुक्तों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
बिजनौर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल आम जनता को राहत मिली है, बल्कि यह साइबर अपराध और फर्जीवाड़े के खिलाफ एक सशक्त संदेश भी है। पुलिस टीम की इस उल्लेखनीय सफलता के लिए जनपद में उनकी सराहना हो रही है। बिजनौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं, खासकर जब बात पैसे के निवेश की हो। किसी भी शेयर मार्केट से संबंधित सलाह लेने से पहले प्रमाणित स्रोतों से जानकारी प्राप्त करें और सतर्क रहें।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



