

–बुलंदशहर के तुलसीपुर में CBG प्लांट स्थापित करने में BPCL ने दिखाई रुचि
लखनऊ। गोशालाओं में उपलब्ध गोबर व अन्य पशुधन जैव-अवशेषों के वैज्ञानिक व आर्थिक उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में आज उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता से भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (BPCL) की टीम ने मुलाकात कर प्रदेश में Compressed Bio-Gas (CBG) के उत्पादन एवं विपणन की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में BPCL के हेड हेमंत जी. पाटिल तथा GIZ की ओर से श्री संतोष सहाने भी उपस्थित रहे।
बैठक में BPCL की टीम ने बुलंदशहर के तुलसीपुर ग्राम में CBG प्लांट स्थापित करने में रुचि व्यक्त की। टीम ने बताया कि गोशालाओं में उपलब्ध गोबर व स्थानीय जैव-अवशेषों से बायोगैस तैयार कर उसे शुद्धिकरण के माध्यम से CBG में परिवर्तित किया जा सकता है। इस CBG का उपयोग वाहनों में CNG के रूप में किया जा सकता है तथा इसे पेट्रोल पंपों के माध्यम से भी विपणन किए जाने की संभावनाएं हैं।
BPCL टीम ने बताया कि ऐसी तकनीक उपलब्ध है जिसके माध्यम से जिन गोशालाओं में पहले से बायोगैस संयंत्र स्थापित हैं, वहां उत्पादित बायोगैस को शुद्ध कर सिलेंडरों में भरा जा सकता है। शुद्धिकरण इकाई को वाहन पर स्थापित कर विभिन्न गोशालाओं से गैस एकत्र करने और उसे निर्धारित केंद्रों तक पहुंचाने के लिए व्यवस्थित नेटवर्क विकसित किया जा सकता है।
इस मॉडल से विभिन्न गोशालाओं में स्थापित बायोगैस संयंत्रों को एक स्थानीय जैव-ऊर्जा नेटवर्क से जोड़कर गोबर एवं पशुधन जैव-अवशेषों का स्थानीय स्तर पर बेहतर उपयोग किया जा सकेगा। इससे गोशालाओं की ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ अतिरिक्त आय एवं आत्मनिर्भरता के अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता ने कहा कि गोबर को अपशिष्ट के रूप में देखने के बजाय उसके ऊर्जा एवं आर्थिक संसाधन के रूप में वैज्ञानिक उपयोग को बढ़ावा देना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गोशालाओं को जैव-ऊर्जा उत्पादन से जोड़ने वाले व्यावहारिक मॉडल विकसित होने से गोवंश संरक्षण के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।
बैठक के उपरांत BPCL की टीम ने अपर मुख्य सचिव, पशुधन विभाग मुकेश मेश्राम से भी मुलाकात कर प्रस्तावित CBG परियोजना के संबंध में जानकारी साझा की। अपर मुख्य सचिव ने बुलंदशहर के तुलसीपुर में प्रस्तावित परियोजना के लिए आवश्यक सहयोग व समन्वय का आश्वासन दिया तथा गोशालाओं में उपलब्ध जैव-अवशेषों के बेहतर उपयोग के लिए ऐसे प्रयासों को प्रोत्साहित करने की बात कही

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



