

नई दिल्ली: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने FCRA संशोधन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार और विपक्ष, दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विधेयक को बेहद महत्वपूर्ण बताकर जल्द पारित कराना चाहती थी, लेकिन विपक्ष के विरोध के चलते इसे बिना प्रारंभिक चर्चा के संयुक्त संसदीय समिति (JPC) को भेज दिया गया।
मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल FCRA संशोधन बिल को सीधे तौर पर अल्पसंख्यक विरोधी बताते हुए वापस लेने की मांग कर रहे हैं, जबकि सरकार इसे विदेशी फंडिंग के कथित दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जोड़कर इसमें कड़े बदलाव करना चाहती है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट है कि सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने इस विधेयक का राजनीतिकरण कर दिया है।
‘विपक्ष संसद चलने देता तो सामने आतीं कमियां’
मायावती ने कहा कि बेहतर होता यदि विपक्ष विधेयक को सदन में पेश किए जाने के दौरान संसद की कार्यवाही चलने देता और उसकी कमियों को सामने रखता। इससे देश की जनता को भी विधेयक के प्रावधानों और विपक्ष की आपत्तियों के बारे में जानकारी मिलती।
उन्होंने आरोप लगाया कि संसद की कार्यवाही बाधित होने के कारण कई अन्य विधेयक भी सरकार ने जल्दबाजी में पारित करा लिए। मायावती ने कहा कि विपक्ष को जिन विधेयकों को रोकना चाहिए था, उन्हें रोकने में वह सफल नहीं रहा और सरकार इसका राजनीतिक लाभ उठा रही है।
विपक्ष की भूमिका पर भी उठाए सवाल
मायावती ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में विपक्ष की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को जेन-जी (Gen Z) से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने के साथ-साथ जनहित के अन्य महत्वपूर्ण विषयों को भी संसद में उठाना चाहिए था।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विपक्ष ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के मुद्दे को भी पीछे कर दिया है। मायावती के मुताबिक, इस विषय पर संसद में चर्चा होना जरूरी है।
‘जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दे विपक्ष’
मायावती ने कहा कि संसद सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच चल रही राजनीतिक खींचतान के बीच देश की जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को मजबूत करने की अपील की।
मायावती ने कहा कि BSP ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की नीति और सिद्धांतों के आधार पर काम कर रही है और देश व आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना ही मौजूदा समय की जरूरत है।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



