

दिल्ली: सावन के पावन महीने में दिल्ली में कांवड़ियों के स्वागत का सिलसिला जारी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली-उत्तर प्रदेश बॉर्डर स्थित कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचकर कांवड़ियों का स्वागत किया और उन पर पुष्पवर्षा की। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों को पावन यात्रा के लिए रवाना भी किया।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी साझा करते हुए लिखा कि श्रावण में दिल्ली का कण-कण शिवमय है। उन्होंने कहा कि कांवड़ सेवा शिविर में देवतुल्य कांवड़ियों को प्रणाम कर उनका स्वागत करने, पुष्पवर्षा करने और उन्हें पावन यात्रा के लिए रवाना करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न कांवड़ सेवा शिविरों का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान उन्होंने सेवा में समर्पित शिविर संचालकों और कार्यकर्ताओं से संवाद किया तथा कांवड़ियों के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
रेखा गुप्ता ने महादेव से सभी शिवभक्तों की साधना स्वीकार करने और उनकी कांवड़ यात्रा मंगलमय होने की कामना की। उन्होंने कहा कि देवाधिदेव महादेव अपनी प्रिय दिल्ली पर सदैव कृपा बनाए रखें।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा, विधायक संजय गोयल, जितेंद्र महाजन समेत कई लोग मौजूद रहे।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



