

-अधीक्षण अभियंता के प्रतिनिधि के रूप में अधिशासी अभियंता 33 केवी मध्य क्षेत्र लेसा जय प्रकाश को सौंपा ज्ञापन
एलायंस टुडे संवाददाता
लखनऊ। विद्युत संविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं व लंबित मांगों को लेकर गुरुवार को विद्युत संविदा मजदूर संगठन उत्तर प्रदेश के आह्वान पर प्रदेश के विभिन्न जनपदों सहित लखनऊ में संविदा कर्मचारियों ने सत्याग्रह किया। राजधानी में कर्मियों ने अधीक्षण अभियंता के प्रतिनिधि के रूप में अधिशासी अभियंता 33 केवी मध्य क्षेत्र लेसा जय प्रकाश को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सरकार द्वारा गठित आउटसोर्स सेवा निगम में विद्युत विभाग में कार्यरत सभी आउटसोर्स कर्मचारियों को शामिल करने, संविदा कर्मचारियों की छंटनी पर रोक लगाने व पूर्व में हटाए गए कर्मचारियों को वापस लेने, निर्धारित मानदेय में वृद्धि, अतिरिक्त कार्य के लिए नियमानुसार अतिरिक्त भुगतान, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, फेसियल अटेंडेंस की व्यवस्था को व्यवहारिक बनाने, संविदा कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 55 वर्ष से बढ़ाकर 60 वर्ष करने सहित कुल 14 प्रमुख मांगें रखी गईं।
संगठन के नेताओं ने कहा कि विद्युत संविदा कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में लगातार अपनी सेवाएं देकर विभाग और उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत व्यवस्था उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं का लंबे समय से समाधान नहीं हो पाया है। संगठन ने शासन व प्रबंधन से मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।
सत्याग्रह व ज्ञापन कार्यक्रम में विद्युत मजदूर संगठन के अध्यक्ष व विद्युत संविदा मजदूर संगठन के मीडिया प्रभारी विमल चंद्र पांडेय, विद्युत संविदा मजदूर संगठन के प्रभारी पुनीत राय, गोविंद मिश्रा, माता प्रसाद पांडेय, नरेश श्रीवास्तव, पवन श्रीवास्तव, इमरान, बबलू, राकेश शुक्ला, अंकित वर्मा नीरज कुमार पांडे, रियाज अली, शुभम यादव, मोहम्मद अजीम, अशोक गुप्ता, अभिषेक, संदीप, मनोज, नीरज, अंकित सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी व संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
यह एलायंस टुडे का आधिकारिक न्यूज़ रूम (Digital Desk) है, जहां गुलजार वर्मा ( Gulzaar Verma ) जैसे पत्रकारों की एक अनुभवी टीम काम करती है जोकि ग्राउंड रिपोर्टिंग और विश्वसनीय स्रोतों से मिली सूचनाओं को जिम्मेदारी के साथ प्रोसेस करके जनहित की खबरें पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करती है.



