

लखनऊ: राजधानी में सवर्ण मोर्चा से जुड़े लोगों ने शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया है। इसके बाद उन्होंने लखनऊ में उनके खिलाफ होर्डिंग लगाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन होर्डिंग्स को फाड़ दिया, और अब सोशल मीडिया पर उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
सवर्ण मोर्चा से जुड़े लोग राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कांग्रेस कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे। उन्हें हजरतगंज के पास पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की पुलिस से बहस भी हुई। उनका कहना था कि उन्हें लगातार “तुगलकी सेना” की ओर से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने मांग की कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि वे लखनऊ में दिखाई न दें।
प्रदर्शनकारियों में से एक व्यक्ति ने कहा कि उन्होंने “राहुल गांधी हुए बेनकाब” नाम से होर्डिंग लगवाई थी, जिसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज हो गए। उस होर्डिंग में राहुल गांधी से कुछ सवाल किए गए थे, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क गए। इसके बाद उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। उनका सवाल था कि अगर देश के प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को गद्दार कहा गया है, तो क्या इसका मतलब यह है कि जनता भी गद्दार है जिसने उन्हें चुना है?
प्रदर्शन में शामिल सवर्ण मोर्चा के उपाध्यक्ष ने कहा कि अगर उनके किसी सदस्य को कुछ हुआ तो वे कड़ा जवाब देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के “गुंडों” ने उनके संगठन के एक सदस्य को जान से मारने की धमकी दी है। वे कांग्रेस कार्यालय जाकर इसका जवाब देना चाहते थे।
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी क्षत्रिय को कुछ कहा गया तो वे उसे “मिट्टी में मिला देंगे।” अगर उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो वे जहां भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पाएंगे, उन्हें निशाना बनाएंगे। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। कई लोगों ने सुरक्षा की मांग की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि वे आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।
सवर्ण मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक संदीप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री को गद्दार कहना शर्मनाक है। यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि उस जनता का भी अपमान है जिसने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री चुना है। इस बयान के बाद सवर्ण मोर्चा के सदस्यों ने शहर में “राहुल गांधी हुए बेनकाब” नाम से होर्डिंग लगाए थे। उन होर्डिंग्स को फाड़ दिया गया। इसके बाद कथित तौर पर जान से जलाने की धमकियां दी गईं। उन्होंने आगे कहा कि अगर इस तरह की धमकी भरी कॉल आती रही तो लखनऊ में एक भी कांग्रेस कार्यकर्ता नहीं बचेगा।

Lucknow Desk एलायंस टुडे की समर्पित न्यूज़रूम टीम है, जिसमें अन्नू सिंह ( Annu Singh ) जैसे कई पत्रकार मौजूद हैं जो राजधानी लखनऊ से जुड़ी राजनीति, प्रशासन, अपराध, शिक्षा और स्थानीय मुद्दों की खबरें पाठकों तक पहुंचाते है। टीम का उद्देश्य तेज, सटीक और विश्वसनीय स्थानीय समाचार प्रदान करना है।



